उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आगरा जिला इकाई के नेता की उज्जैन से लौटते समय पार्वती नदी के समीप सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। पार्टी के एक पदाधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पदाधिकारी के मुताबिक, आगरा के ब्रज क्षेत्र कार्यालय के प्रभारी संजीव भारद्वाज (40), पार्षद विजय वर्मा समेत सात लोग उज्जैन में महाकाल मंदिर के दर्शन कर एक कार से लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे पार्वती नदी के निकट उनकी कार का पिछला टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिसमें कार में बैठे सभी लोग घायल हो गये।
पदाधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां संजीव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया वहीं ब्रज क्षेत्र कार्यालय में कार्यरत मुकुल की हालत गंभीर बनी हुई है।
भाजपा के ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह ने बताया कि मृतक संजीव भारद्वाज के शव को पहले आगरा ब्रजक्षेत्र कार्यालय से बरेली ले जाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि भारद्वाज की पत्नी जीआईसी इंटर कॉलेज में लेक्चरार हैं और उनकी एक बेटी भी है।


