केरल, अलाप्पुझा में हाल ही में अपने घर में फांसी पर लटके पाए गए सातवीं कक्षा के एक छात्र की आत्महत्या के मामले में एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल के दो शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि स्कूल में कुछ शिक्षकों द्वारा शारीरिक और मानसिक यातना दिए जाने के बाद लड़के ने 15 फरवरी की शाम को घर पर यह कदम उठाया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिक्षकों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 324 (जानबूझकर कष्ट देना) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया गया है जो गैर-जमानती है।
माता-पिता की शिकायत के अनुसार, शिक्षकों ने अन्य छात्रों के सामने उनके बेटे को बेंत से पीटा था।
अधिकारी ने सोमवार को कहा, ‘माता-पिता ने यह भी दावा किया कि शिक्षकों के शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के कारण उसने यह कदम उठाया।’ उन्होंने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है।
छात्र की आत्महत्या पर स्कूल में बड़े स्तर पर हुए विरोध प्रदर्शन के एक हफ्ते बाद मामला दर्ज किया गया था।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की छात्र शाखा, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं ने 19 फरवरी को स्कूल तक विरोध मार्च निकाला और प्रबंधन से आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि कत्तूर का रहने वाला 13 वर्षीय छात्र प्रजीत 15 फरवरी को जब स्कूल से घर आया तो वह उदास था, बाद में उसके भाई ने उसे कमरे में लटका देखा।


