अयोध्या, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जन-आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुमन पासवान के नेतृत्व में ब्लॉक मवई के पूरे कामगार से मवई चौराहा तक निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही।
पदयात्रा में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव भी शामिल रहे। उनके साथ मवई ब्लाक प्रमुख राजीव तिवारी,तेज तिवारी, मवई मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदयात्रा पूरे कामगार से चलकर मवई चौराहा स्थित पुलिस बूथ के सामने पहुंची, जहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले फूंके गए और उनके खिलाफ नारेबाजी की गई।
इसके बाद पंचायत भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक रामचंद्र यादव ने सपा और कांग्रेस पर महिलाओं के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को संसद में उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए कानून लाई है, जिसे भाजपा ने खुलकर समर्थन दिया, जबकि विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया।
जिला उपाध्यक्ष सुमन पासवान ने कहा कि यह जन-आक्रोश महिला पदयात्रा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निकाली गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के मुद्दों को नजरअंदाज किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे सरकार की नीतियों का समर्थन करें और समाज में अपनी भागीदारी मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं, लेकिन विपक्षी दल उनके प्रयासों में बाधा डाल रहे हैं।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा, निर्मल शर्मा, तेज तिवारी, रघुनंदन चौरसिया, संतोष यादव, पंकज जायसवाल, किशोरीलाल भारती, राम प्रेस यादव, संतोष यादव, सुनील मिश्रा, राजेश शर्मा, अखिलेश रावत, राजेश यादव, कुलदीप मौर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




