काठमांडू, नेपाल के बीरगंज शहर के कुछ इलाकों में दो समुदायों के बीच झड़पें होने के बाद सोमवार को अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
परसा जिले के मुख्य जिला अधिकारी दिनेश सागर भुशाल ने एक बयान में कहा कि बीरगंज शहर के कुछ हिस्सों में सोमवार शाम कर्फ्यू लगा दिया गया क्योंकि दो समूहों के बीच हुई झड़पों के चलते लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि चार दिन पहले, रौतहट जिले में दो समूहों के बीच उस वक्त झड़प हो गई थी, जब हिंदू समुदाय के कुछ लोग सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा के विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाल रहे थे।
दोनों समूहों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके कारण अधिकारियों को कर्फ्यू लगाना पड़ा।