इंफाल, मणिपुर पुलिस ने इंफाल ईस्ट जिले के चिंगारेल में इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के शिविर से हथियार लूटने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आईआरबी के शिविर से लूटी गयी चार इंसास राइफल, एक एके घटक, एसएलआर की दो मैगजीन और 9एमएम गोला बारुद के 16 छोटे बक्से भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘13 फरवरी 2024 की रात को एक उग्र भीड़ द्वारा इंफाल ईस्ट, चिंगारेल में आईआरबी की पांचवीं बटालियन के हथियार लूटने की घटना के संबंध में, मणिपुर पुलिस ने बुधवार को छह लोगों को गिरफ्तार किया और एक न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया है।’’
बहरहाल, पुलिस ने यह नहीं बताया कि हथियार कहां से बरामद किए गए या आरोपियों को कहां से गिरफ्तार किया गया।
चिंगारेल में आईआरबी की पांचवीं बटालियन के शिविर में उग्र भीड़ घुस आयी थी और वह हथियार तथा गोला बारुद लूटकर ले गयी थी। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में ‘‘ग्रामीण स्वयंसेवकों’’ ने भी चिंगारेल से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित इंफाल ईस्ट जिले में पांगेई के मणिपुर पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में घुसने का प्रयास किया।
पुलिस के एक बयान में कहा गया है, ‘‘मंगलवार को, एमपीटीसी, पांगेई पर हमला करने की कोशिश कर रहे सशस्त्र उपद्रवियों सहित हिंसक भीड़ को पीछे हटाने के लिए सुरक्षा बलों को कानूनी बल प्रयोग करना पड़ा। इस घटना के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गयी और तीन अन्य लोग घायल हो गए।


