अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) के पास झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव मिला है, जिसे कथित तौर पर उसके माता-पिता ही फेंक कर चले गये। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के सीएचसी सिंहपुर के पास झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव मिला, जिसे कुत्ते और कौवे नोच रहे थे।
शिवरतन गंज थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) तनुज कुमार पाल ने बताया कि बच्चे के शव को कब्जे में लेकर अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।
सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक सुनील कुमार यादव ने बताया कि इस बच्चे का प्रसव सीएचसी सिंहपुर अस्पताल में ही नर्स व स्टाफ के द्वारा कराया गया था जो मृत अवस्था में पैदा हुआ था।
उन्होंने बताया कि बच्चे के शव को माता-पिता को अंतिम संस्कार करने के लिए सौंप दिया गया था, लेकिन अस्पताल के बाहर कुछ दूरी पर ले जाकर मृत बच्चे के शव को झाड़ियों में फेंक कर माता-पिता मौके से भाग गए।
उन्होंने बताया कि मृत पड़े बच्चे के शव को शुक्रवार को राहगीरों ने देखा जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया।


