नयी दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह के साथ-साथ कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने के फैसले की सराहना की और कहा कि यह इन महान विभूतियों के प्रति राष्ट्र की गहरी कृतज्ञता का प्रमाण है।
राव, सिंह और स्वामीनाथन को ‘भारत रत्न’ देने की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को ‘भारत रत्न’ देना उन महान राजनीतिज्ञ को एक सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने हमारे देश के इतिहास को एक अलग दृष्टिकोण और अपने राजनीतिक कौशल के साथ आकार दिया। हमारी अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रूप से समावेशी प्रगति के युग में ले जाने में पीवी नरसिम्हा राव जी के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।’’
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीवनभर किसानों के लिए समर्पित रहे सिंह ने किसानों के कल्याण के लिए कई काम किये।
शाह ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किये जाने की घोषणा से बहुत प्रसन्नता हुई। आजीवन किसानों के लिए समर्पित चौधरी साहब ने किसान कल्याण के लिए अनेक कार्य किए। चौधरी साहब जीवनपर्यंत लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के प्रति समर्पित रहे और उन्होंने आपातकाल का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने अपने निर्णयों से पूरे देश को यह बताया कि किसान का बेटा देश के भरण-पोषण से लेकर नीतिगत निर्णय भी ले सकता है। चौधरी साहब के सम्मान के माध्यम से देश के करोड़ों किसानों और मेहनतकश लोगों को सम्मानित करने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं।’’
स्वामीनाथन के बारे में शाह ने कहा, ‘‘प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन जी को भारत रत्न से सम्मानित करना उन महान विभूतियों के प्रति हमारे राष्ट्र की गहरी कृतज्ञता का प्रमाण है जिन्होंने इसकी प्रगति की नींव रखी। हमारा इतिहास स्वामीनाथन जी को एक महान प्रतिभा के रूप में याद करता है, जिनकी वैज्ञानिक क्षमता ने हमारे देश को खाद्य संकट के युग से खाद्य सुरक्षा की ओर ले जाने का कठिन कार्य पूरा किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्वामीनाथन जी को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से अलंकृत करने के ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को धन्यवाद देता हूं।


