अयोध्या, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 23 नवंबर को अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक चलने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे।
दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और रेल विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
बयान के मुताबिक, ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी।
यह अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम पांच बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन प्रत्येक शनिवार दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर जनकपुर से रवाना होकर रविवार सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी।
अधिकारियों ने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन 17 कोच वाले आधुनिक एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें वातानुकूलित, शयनयान और अन्य श्रेणियों के कोच शामिल होंगे। ट्रेन को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।
बयान के मुताबिक, इस रेल सेवा से रामायण सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11:15 बजे रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वह हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि जाकर रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 11:45 बजे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे और सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यातायात पुलिस ने सोमवार सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक अयोध्या धाम क्षेत्र में रूट डायवर्जन लागू किया है। इस दौरान विद्याकुण्ड चौराहा और जैन मंदिर तिराहा से कनीगंज तथा रायगंज की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कनीगंज/रायगंज तिराहा और श्रीराम अस्पताल तिराहा से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की ओर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा इकबाल अंसारी आवास तिराहा से रामपथ गमन मार्ग की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। यात्री विद्याकुण्ड चौराहा से लंगड़वीर और टेढ़ी बाजार होते हुए फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन से रेलवे स्टेशन के गेट तक पहुंच सकेंगे।
वहीं, विद्याकुण्ड की ओर से आने वाले सामान्य वाहन आसिफबाग चौराहा से और जैन मंदिर तिराहा की ओर से आने वाले वाहन रामघाट चौराहा से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों के वाहनों की पार्किंग टेढ़ी बाजार की ओर लंगड़वीर फ्लाईओवर और रेलवे स्टेशन के बीच बने पार्किंग स्थल पर होगी।
यातायात प्रशासन ने नागरिकों और रेल यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अपनी यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें।