उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बातचीत हुई, लेकिन अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका। हालांकि, दोनों दलों ने बैठक को सकारात्मक बताया है। नेताओं का कहना है कि अगले दो दौर की बैठकों में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक के बाद सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि दोनों दलों के बीच सीट-दर-सीट चर्चा हुई है। बातचीत सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है, लेकिन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अभी चर्चा पूरी नहीं हुई है।
रामगोपाल यादव ने कहा कि 403 सीटों पर चर्चा करना लंबी प्रक्रिया है। अगली दो बैठकों में गठबंधन और सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। कांग्रेस को 26 सीटें देने के प्रस्ताव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर नए सिरे से बातचीत होगी। जब तक अंतिम फैसला नहीं होता, चर्चा जारी रहेगी।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दल सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और सीटों के आंकड़ों के आधार पर एक-एक सीट पर चर्चा की जा रही है। उनके मुताबिक, प्रदेश की 403 सीटों में से आधे से अधिक सीटों पर बातचीत हो चुकी है। अगले दो दौर की बैठकों में प्रक्रिया पूरी कर गठबंधन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
गौतम ने कहा कि दोनों दल जल्द ही गठबंधन की औपचारिक घोषणा करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पिछले विधानसभा चुनावों के नतीजों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर सीटों पर दावेदारी पेश की गई। कांग्रेस ने अपनी प्राथमिकता वाली सीटों को ए और बी श्रेणियों में बांटा है।
दरअसल, सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश किए जाने की चर्चा से गठबंधन की बातचीत शुरू होने से पहले ही राजनीतिक हलचल बढ़ गई थी। हालांकि, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने इस प्रस्ताव की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अभी सीटों पर चर्चा जारी है और दोनों दल इस बात पर सहमत हैं कि हर सीट पर बातचीत की जाएगी।
मंगलवार को बैठक से पहले रामगोपाल यादव ने कहा था कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने बताया था कि इनमें दो सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। बाकी 20 सीटों पर सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब दो हजार वोट मिले थे।
इससे पहले सोमवार को हुई पहले दौर की बातचीत में कांग्रेस ने सपा नेताओं को 130 सीटों की सूची सौंपी थी। कांग्रेस ने इन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की इच्छा जताई थी। सपा नेताओं ने सूची पर विचार करने के बाद आगे चर्चा जारी रखने की बात कही थी।
मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। वहीं, सपा की ओर से रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय, अवधेश प्रसाद और सांसद इकरा हसन ने हिस्सा लिया।
पहले दिन की बातचीत में दोनों दलों ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने पर सहमति जताई थी। उस समय सीट बंटवारे को अगले दो से चार दिनों में अंतिम रूप देने के संकेत दिए गए थे। दोनों पक्षों ने बातचीत को सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक बताया था।
इस बीच, सपा-कांग्रेस गठबंधन की बातचीत पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों को बिल्कुल विपरीत ध्रुवों पर बताते हुए आरोप लगाया कि वे केवल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए साथ आ रहे हैं।