स्वस्थ खानपान केवल शरीर को पोषण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम और उनके प्रबंधन में भी अहम भूमिका निभा सकता है। वैज्ञानिक अध्ययनों में सामने आया है कि संतुलित और पौष्टिक आहार टाइप-2 मधुमेह, हृदय रोग और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
इसी विचार पर आधारित है ‘भोजन ही दवा है’ यानी ‘फूड इज मेडिसिन’ की अवधारणा।
इस पहल के तहत चिकित्सक मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्हें विशेष आहार लेने की सलाह देते हैं। इसमें फल, सब्जियां और प्रोटीन से भरपूर पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल हो सकते हैं। इसका उद्देश्य भोजन के माध्यम से बीमारियों की रोकथाम, उनके प्रबंधन और उपचार में मदद करना है। इस अवधारणा को ‘फूड ऐज मेडिसिन’ और ‘फूड प्रिस्क्रिप्शन’ के नाम से भी जाना जाता है।
खाद्य असुरक्षा से निपटने में मदद
‘भोजन ही दवा है’ कार्यक्रमों का एक प्रमुख उद्देश्य उन लोगों तक पौष्टिक भोजन पहुंचाना है, जिन्हें आर्थिक या अन्य कारणों से पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ नहीं मिल पाते। ऐसे कार्यक्रमों में मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार तैयार खाद्य पदार्थों के पैकेट, किराने का सामान खरीदने के वाउचर और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जा सकता है।
इन योजनाओं का मकसद मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले खर्च को कम करना भी है। खाद्य असुरक्षा से जूझ रहे परिवारों के लिए ये कार्यक्रम महत्वपूर्ण सहारा बन सकते हैं।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में वर्ष 2024 के दौरान 4.7 करोड़ से अधिक लोग ऐसे परिवारों में रह रहे थे, जिन्हें पर्याप्त भोजन उपलब्ध नहीं होने की समस्या का सामना करना पड़ा। इनमें करीब 73 लाख बच्चे भी शामिल थे। वहीं, दुनियाभर में भुखमरी से प्रभावित लोगों की संख्या लगभग 67.3 करोड़ बताई गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य असुरक्षा की समस्या अधिक गंभीर हो सकती है। स्थानीय किराना दुकानों के बंद होने और बड़े बाजारों से दूरी के कारण लोगों को पौष्टिक खाद्य पदार्थ हासिल करने में मुश्किल होती है। ऐसे में भोजन आधारित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपयोगिता बढ़ जाती है।
डॉ. जैक गीगर ने दी थी भोजन को दवा मानने की सलाह
भोजन को उपचार का हिस्सा बनाने की अवधारणा नई नहीं है। नागरिक अधिकार कार्यकर्ता और चिकित्सक डॉ. जैक गीगर उन शुरुआती लोगों में शामिल थे, जिन्होंने मरीजों को चिकित्सकीय सलाह के तहत भोजन उपलब्ध कराने की पहल की थी। उन्होंने 1960 के दशक में दक्षिण बोस्टन और मिसिसिपी डेल्टा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना में सहयोग किया था।
जब सरकारी अधिकारियों ने मिसिसिपी डेल्टा में मरीजों को भोजन देने की सलाह लिखने पर उनकी आलोचना की, तो गीगर ने जवाब दिया था, ‘‘पिछली बार जब मैंने अपनी पाठ्यपुस्तकें देखी थीं, तब कुपोषण का सबसे सटीक इलाज भोजन ही था।’’
इसके बाद से ‘कम्युनिटी सर्विंग्स’ और ‘प्रोजेक्ट ओपन हैंड’ जैसे अनेक सामुदायिक संगठन जरूरतमंद लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के काम में जुटे हैं।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन और वैश्विक स्तर पर पहल
वर्ष 2023 में अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने शोधकर्ताओं और चिकित्सकों का एक सलाहकार समूह गठित किया था। इस समूह ने माना कि भोजन आधारित कार्यक्रम पुरानी बीमारियों की रोकथाम और उनके प्रबंधन में मदद कर सकते हैं।
इस अवधारणा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी समर्थन मिल रहा है। रॉकफेलर फाउंडेशन ने वर्ष 2025 में शोधकर्ताओं, नीतिगत विशेषज्ञों और इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की बैठक आयोजित करने में सहयोग दिया। इसी बैठक में ‘फूड इज मेडिसिन ग्लोबल अलायंस’ की स्थापना की गई।
इस संगठन का लक्ष्य वर्ष 2030 तक दुनियाभर में भोजन आधारित कार्यक्रमों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना, उनके लिए दीर्घकालिक वित्तीय व्यवस्था करना और उन्हें नियमित रूप से संचालित करने में मदद करना है।
शोध में सामने आए सकारात्मक परिणाम
हाल में किए गए एक बड़े शोध विश्लेषण में ‘भोजन ही दवा है’ से जुड़े 14 परीक्षणों का अध्ययन किया गया। इसमें पाया गया कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों के खानपान की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा में अक्सर सुधार हुआ।
मधुमेह से पीड़ित लोगों के लिए चलाए गए कार्यक्रमों की एक अन्य समीक्षा में फल और सब्जियों के सेवन में उल्लेखनीय वृद्धि तथा रक्त शर्करा के स्तर में कमी दर्ज की गई। ये निष्कर्ष इस दिशा में किए गए पहले के शोध के परिणामों का भी समर्थन करते हैं।
हालांकि, शोधकर्ताओं का मानना है कि इन कार्यक्रमों की प्रभावशीलता को बेहतर तरीके से समझने के लिए बड़े स्तर पर और उच्च गुणवत्ता वाले अध्ययन जरूरी हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में भोजन की उपलब्धता, स्थानीय परिस्थितियों और लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर इन योजनाओं को लागू करने की रणनीति भी तैयार करनी होगी।
खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतें भी बड़ी चुनौती
भोजन आधारित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सामने एक बड़ी चुनौती पौष्टिक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता और उनकी कीमत है। मौसम में बदलाव और वैश्विक आपूर्ति व्यवस्था में बाधाओं के कारण अनाज तथा वनस्पति तेल जैसी जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ सकती हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य से ईंधन और अन्य सामान की आपूर्ति में देरी जैसे कारण भी खाद्य बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। कुछ देशों में खाना पकाने के तेल की कमी की स्थिति भी सामने आई है।
‘भोजन ही दवा है’ की अवधारणा सामान्य तौर पर लोगों को आकर्षित करती है, क्योंकि पौष्टिक भोजन और बेहतर स्वास्थ्य के बीच संबंध को व्यापक रूप से स्वीकार किया जाता है। लेकिन किसी कार्यक्रम से मरीजों को वास्तव में कितना फायदा होता है, यह जानने के लिए और मजबूत वैज्ञानिक प्रमाणों की जरूरत है।
यदि भविष्य के शोधों में इन कार्यक्रमों की प्रभावशीलता साबित होती है, तो पुरानी बीमारियों के इलाज में चिकित्सकों का नजरिया बदल सकता है। ऐसी स्थिति में मधुमेह, हृदय रोग और अन्य दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए पौष्टिक भोजन की उपलब्धता को दवाओं और अन्य चिकित्सा सुविधाओं की तरह महत्वपूर्ण माना जा सकेगा।