रामपुर में मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। वर्ष 2007 में हुए सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर हमले के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से बरी हुए मोहम्मद शरीफ खां (52) की बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात खजुरिया थाना क्षेत्र में थाने से कुछ ही दूरी पर हुई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव निवासी मोहम्मद शरीफ मंगलवार को अपने बेटे के साथ थाने में पुलिस वेरिफिकेशन और हाजिरी की प्रक्रिया के लिए गया था। शाम करीब 6:30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक उसका बेटा चला रहा था और शरीफ पीछे बैठा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो नकाबपोश युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और शरीफ पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर मौके से फरार हो गए।
पिता को गोली लगते देख बेटा घबरा गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शरीफ को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रामपुर में 31 दिसंबर 2007 और एक जनवरी 2008 की दरमियानी रात सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में सात सीआरपीएफ जवानों और एक रिक्शा चालक समेत आठ लोगों की मौत हुई थी। मामले की सुनवाई के दौरान नवंबर 2019 में रामपुर की अदालत ने मोहम्मद शरीफ समेत कई आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी।
हालांकि, अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले में सुनवाई के बाद सीआरपीएफ कैंप हमले से जुड़े गंभीर आरोपों में दोषसिद्धि और मृत्युदंड का फैसला रद्द कर दिया था। अदालत ने आर्म्स एक्ट के तहत दोषसिद्धि बरकरार रखते हुए 10 साल की सजा सुनाई थी। पहले से जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित किए जाने के बाद शरीफ करीब एक साल पहले जेल से बाहर आया था।
पुलिस थाने में हाजिरी और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद घर लौट रहे व्यक्ति की थाने के इतने करीब हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शरीफ को पहले कोई धमकी मिली थी या उसकी किसी से रंजिश चल रही थी।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुटी हैं।
सन्दर्भित प्रकरण में थाना खजुरिया पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है, विवेचना प्रचलित है ।
— Rampur police (@rampurpolice) November 11, 2026