मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड को लेकर दिए गए बयान पर बुधवार को तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल संकुचित और विभाजनकारी मानसिकता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के प्रति नरम रुख रखते हैं, लेकिन उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ टिप्पणी करते हैं।
योगी आदित्यनाथ लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उनके बयान पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से थे।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ”अगर उत्तराखंड के बेटे नहीं होते तो आप सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।
दरअसल, अखिलेश यादव ने 24 अक्टूबर को समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा पर घुसपैठियों को लेकर फर्जी आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में भी घुसपैठिए मौजूद हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तराखंड भेजा जाना चाहिए। इसी बयान को लेकर मुख्यमंत्री ने अब पलटवार किया है।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और भौगोलिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा, यमुना, सरयू, रामगंगा और राप्ती जैसी नदियों का उद्गम उत्तराखंड में है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोगों के प्रति इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है और यह विभाजनकारी सोच को दर्शाता है।
उत्तराखंड महोत्सव की परंपरा की सराहना
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महापरिषद की ओर से पिछले 78 वर्षों से आयोजित किए जा रहे महोत्सव की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोकगीत, खानपान और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने उत्तराखंड महापरिषद को आश्वस्त किया कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत उपवन में महोत्सव के आयोजन के लिए राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी और यह स्थान कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों की ब्रांडिंग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन व्यंजनों के पोषण संबंधी गुणों को सामने लाने के लिए वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने की जरूरत है, ताकि पारंपरिक खानपान को व्यापक पहचान मिल सके।