भेलसर(अयोध्या), कोतवाली रुदौली क्षेत्र के ग्राम बारी में गांव के पास स्थित आम की बाग में बुधवार को 32 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव रस्सी के सहारे लटका होने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सोनू पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम बारी, थाना कोतवाली रुदौली, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों से पूछताछ में पता चला कि सोनू की पत्नी की पूर्व में मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहता था।
हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।घटना की सूचना मिलने पर अपराध निरीक्षक अब्दुल रहमान खान और उपनिरीक्षक बालेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जनपदीय फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
उपनिरीक्षक बालेन्द्र सिंह के मुताबिक, फिलहाल मामले में कोई अभियोग पंजीकृत नहीं किया गया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।