गाजीपुर जिले के जंगीपुर क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात एक कार के पलट जाने से उसमें सवार मां-बेटे की मौत हो गई तथा तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह दुर्घटना जंगीपुर थाना क्षेत्र में बिरनों टोल प्लाजा के पास बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे हुई। उन्होंने बताया कि कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे और वे बलिया से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने कार सवार क्षमा उपाध्याय (55) और उनके बेटे अनमोल उपाध्याय (28) को मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना में घायल हुए अन्य तीन लोगों की पहचान रत्नेश मिश्रा, मनोज चौबे और चालक रमेश वर्मा के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तथा जांच की जा रही है।