भेलसर (अयोध्या), रुदौली कोतवाली क्षेत्र की ग्राम सभा टांडा खुलासा में आयोजित रामलीला के तीसरे दिन भगवान श्रीराम के विवाह प्रसंग के उपलक्ष्य में भव्य राम बारात निकाली गई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के जयकारों के बीच निकली राम बारात में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। पूरे गांव में उत्सव और भक्ति का माहौल नजर आया।
राम बारात के दौरान श्रद्धालु रामधुन पर झूमते दिखाई दिए। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बारात गांव के विभिन्न रास्तों से गुजरी। जगह-जगह राम बारात का स्वागत किया गया। आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए। बारात में शामिल श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा गांव राममय नजर आया।
इस अवसर पर बारातियों और श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जहां लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का मंचन किया जा रहा है। राम विवाह की बारात ने गांव में धार्मिक उल्लास के साथ पारंपरिक सांस्कृतिक आयोजन की छटा बिखेरी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामलीला समिति के अध्यक्ष राम तेज यादव, उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार रावत, ग्राम प्रधान अनिल कुमार लोधी, कोषाध्यक्ष शुभम गुप्ता, अनुराग गुप्ता, प्रदीप यादव, दया शंकर यादव और मोहित यादव सहित समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।