सुल्तानपुर, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार से लखनऊ जा रही डबल डेकर बस हलियापुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 87 पर रामपुर बबुआन गांव के पास पलट गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में करीब 25 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को कुमारगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल भेजे जाने की सूचना है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। बस में 100 से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है। शुरुआती तौर पर चालक को झपकी आने को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। फिलहाल घायलों की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।