हरदोई, शहर के रेलवे गंज इलाके में सोमवार को बिजली विभाग की ओर से की जा रही खुदाई के दौरान पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिंदपीर चौराहे से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर हुई इस घटना के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।
एहतियात के तौर पर मार्ग पर यातायात रोक दिया गया और संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर लगाने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान ड्रिल मशीन जमीन के नीचे से गुजर रही पीएनजी गैस पाइपलाइन से टकरा गई, जिससे पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी (सदर) गुलाबचंद ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि दमकल विभाग की टीम को भी एहतियात के तौर पर बुलाया गया।
गैस रिसाव से संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने जिंदपीर चौराहे से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद करा दिया। संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
अधिकारियों के मुताबिक, पीएनजी कंपनी की टीम ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत और गैस रिसाव पर नियंत्रण के प्रयास शुरू कर दिए। विभागीय अधिकारियों और संबंधित टीमों की सतर्कता से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
संदर्भित प्रकरण में स्थानीय पुलिस द्वारा फायर ब्रिगेड की मदद से गैस के रिसाव को बन्द कर दिया गया है। मौके पर कुशलता है। अन्य आवश्यक कार्यवाही प्रचलित है।
— Hardoi Police (@hardoipolice) October 19, 2026