लखनऊ में 27 वर्षीय कैफे कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस की तलाश लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। इसी बीच मामले की मुख्य आरोपी और शिवा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही श्रद्धा दुबे के नाम पर पंजीकृत काले रंग की कार बहराइच जिले के रुपईडीहा कस्बे में नेपाल सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर खड़ी मिली।
पुलिस कार मिलने के बाद आरोपियों के नेपाल भागने की आशंका जता रही है, हालांकि उनके नेपाल में प्रवेश करने की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और तनवीर अली उर्फ दानिश की तलाश की जा रही है। तीनों के बारे में सूचना देने पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी तस्वीर प्रसारित होने का दावा किया जा रहा है। इसे नेपाल के महिमनगर बस स्टैंड की तस्वीर बताया जा रहा है, जिसमें काले कपड़ों में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और आदिल नाम का एक व्यक्ति दिखाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि, तस्वीर की वास्तविकता, उसमें मौजूद लोगों की पहचान और लोकेशन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, श्रद्धा दुबे के नाम से सोशल मीडिया पर कथित बेगुनाही के वीडियो सामने आने की बात भी कही जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक शाम से अब तक दो वीडियो पोस्ट किए जाने का दावा किया गया है। इन वीडियो और तस्वीरों की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
मामले के बीच श्रद्धा और शिवा के बीच फोन पर हुई कथित बातचीत की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई है। रिकॉर्डिंग में दोनों के बीच बहस होने का दावा किया जा रहा है। कथित बातचीत में महिला को शिवा के अधिक समय तक बाहर रहने पर नाराजगी जताते हुए एक व्यक्ति को इसकी जानकारी देने की बात कहते सुना जा सकता है, जिसे वह ‘सर’ कहकर संबोधित करती है। हालांकि, पुलिस ने इस ऑडियो की प्रामाणिकता को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।
श्रद्धा की सौतेली मां ने रायबरेली जिले के मलिक मऊ आयमा स्थित अपने पैतृक घर पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि श्रद्धा पिछले कई वर्षों से परिवार के संपर्क में नहीं थी और घर भी नहीं आती थी। वहीं, मामले से जुड़े कथित ऑडियो और चैट में ‘संजय सर’ नाम का उल्लेख होने की बात भी सामने आई है। इन दावों की जांच और उनकी पुष्टि पुलिस की विवेचना के बाद ही हो सकेगी।
शिवा शर्मा की नौ अक्टूबर को लखनऊ स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआत में घटना को संभावित दुर्घटना माना गया था, लेकिन परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवा के साथ मारपीट करने के बाद उसे इमारत से नीचे फेंका गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन, वाहन चालक और दो अन्य लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ-साथ घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों, कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर सामने आ रहे दावों की भी जांच कर रही है। फिलहाल, शिवा की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है।