प्रतापगढ़ जिले में एक बर्तन कारोबारी की कथित रूप से हत्या कर दिये जाने के मामले में उसकी पत्नी तथा उसके कथित प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बर्तन कारोबारी उमाशंकर उर्फ गुड्डू (45) का शव बृहस्पतिवार सुबह शीतलमऊ में नहर के किनारे एक गड्ढे में पाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने बताया कि लालगंज नगर पंचायत के खास नगर निवासी उमाशंकर बुधवार रात मोटरसाइकिल से घर से निकला था और बृहस्पतिवार सुबह शीतलमऊ में काली माता मंदिर के पास नहर किनारे उसका शव मिला। उमाशंकर बर्तनों की फेरी लगाता था ।
राय ने बताया कि उमाशंकर के सिर और सीने पर ईंट से वार किए जाने के निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके भाई दीपू की तहरीर पर उसकी पत्नी सुमन देवी और धारूपुर निवासी उसके कथित प्रेमी शहंशाह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुमन देवी और शहंशाह के कथित प्रेम संबंधों का उमाशंकर विरोध करता था और इसे लेकर पहले भी विवाद हुआ था।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में सुमन, शहंशाह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।