भेलसर (अयोध्या), रुदौली में सोमवार को मां कामाख्या के जयकारों और पुष्पवर्षा के बीच भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में हरिहरपुर स्थित हैजा माता मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में आयोजकों के अनुसार करीब 50 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। 251 मीटर लंबी चुनरी लेकर निकली यात्रा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही। पूरे मार्ग पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे आयोजन का आकर्षण बढ़ गया।
हाथों में चुनरी थामे महिलाएं मां कामाख्या के जयकारे लगाते हुए धाम की ओर बढ़ती रहीं। महिलाओं के साथ पुरुष और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालुओं के उत्साह के चलते यात्रा मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा और जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मां कामाख्या के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति इस धार्मिक आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता है। मां के श्रीचरणों में चुनरी अर्पित करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आस्था, आपसी सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने मां कामाख्या से क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
हरिहरपुर स्थित हैजा माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा सोनवा होते हुए मां कामाख्या धाम पहुंची। यहां विधि-विधान से 251 मीटर लंबी चुनरी मां कामाख्या देवी के श्रीचरणों में अर्पित की गई। यात्रा के दौरान महिलाओं की भारी भागीदारी के चलते श्रद्धालुओं की कतार लगभग एक किलोमीटर तक फैल गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत की ओर से मार्ग में कई स्थानों पर पानी की व्यवस्था की गई थी। वहीं, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। सीओ अरविंद सोनकर के मुताबिक, यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। भीड़ में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया था। बाबा बाजार के थानाध्यक्ष शैलेंद्र आजाद यात्रा के साथ चलते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार उर्फ खुन्नू पांडेय, सुमन पासवान, उदय रावत समेत अन्य लोग शामिल रहे। मां कामाख्या के जयकारों, श्रद्धालुओं की भागीदारी और बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा के बीच चुनरी यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।