अयोध्या, फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत रविवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचीं। यहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और हनुमानगढ़ी मंदिर में बजरंगबली के सामने शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया।
दर्शन के बाद कंगना ने अयोध्या को पावन भूमि बताते हुए कहा कि रामलला के दर्शन करना अपने आप में सौभाग्य की बात है।
राम मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि अयोध्या की पवित्र धरती पर आकर पूजा-अर्चना करने का अवसर मिलना उनके लिए बहुत सुखद अनुभव है।
उन्होंने मंदिर परिसर की भव्यता और सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि परिसर इतना विशाल है कि परिवार के साथ यहां पूरा दिन बिताने पर ही इसे अच्छी तरह देखा जा सकता है। उन्होंने भविष्य में अपने परिवार के साथ दोबारा अयोध्या आकर दर्शन करने की इच्छा भी जताई।
कंगना रनौत का अयोध्या आगमन एक ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम के सिलसिले में हुआ। कार्यक्रम के साथ उन्होंने रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला।
कंगना रनौत फिल्म अभिनेत्री होने के साथ मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद भी हैं। अयोध्या में उनके दर्शन के दौरान धार्मिक आस्था और राम मंदिर की भव्यता को लेकर उनकी प्रतिक्रिया चर्चा में रही।