कौशांबी जिले में मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर एक आभूषण विक्रेता को हेलमेट से हमला कर घायल कर दिया और उससे सोने-चांदी के आभूषण तथा 20,000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे कोखराज थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि प्रतापगढ़ में आभूषण की दुकान चलाने वाले सुरेश चंद्र सोनी मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोखराज टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर दूर तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।
प्रजापत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर सोनी पर हेलमेट से हमला किया, उनका बैग छीना और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि बैग में 20 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलोग्राम चांदी के आभूषण और 20,000 रुपये नकद थे।
एसपी ने बताया कि सोनी की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।