मुजफ्फरनगर जिले में पचेण्डा पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की मोटरसाइकिल से टक्कर हो जाने के बाद दो युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार देर रात नई मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जब चारों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उज्ज्वल (22) और निखिल (19) के रूप में हुई है, जबकि घायलों की पहचान शिवम और वंश के रूप में हुई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राज कुमार साव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों को उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उन्होंने कहा कि उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।