अयोध्या, जिले में तेज आंधी और बारिश के बीच शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के मसौधा बाजार में प्रयागराज हाईवे के किनारे खड़ा विशाल बरगद का पेड़ अचानक एक कार के ऊपर गिर गया। हादसे में कार में बैठे 18 वर्षीय आकाश वर्मा की मौत हो गई, जबकि अनुभव शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर रेफर किए गये है।
जानकारी के अनुसार, शिवदासपुर के शुक्ल का पुरवा निवासी पंकज शुक्ला अपने छोटे भाई अनुभव शुक्ला और पड़ोसी आकाश वर्मा के साथ कार से मसौधा बाजार सामान खरीदने पहुंचे थे। पंकज कार से उतरकर सामान लेने चले गए, जबकि दोनों किशोर कार में मौजूद थे। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच विशाल बरगद का पेड़ अचानक कार पर जा गिरा। पेड़ के नीचे कार दब जाने से दोनों किशोर उसमें फंस गए। पंकज कार से बाहर होने के कारण बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों किशोरों को बाहर निकाला। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आकाश वर्मा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। मौके पर पेड़ को काटकर हटाने का काम भी किया गया, जिससे हाईवे पर यातायात बहाल किया जा सके।