रामनगरी अयोध्या में श्रीराम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में शनिवार को नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की टीम ने मंदिर परिसर का दौरा किया। एनएसजी की टीम ने राम जन्मभूमि परिसर में पहुंचकर मौजूदा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
टीम में 12 से अधिक अधिकारी और कमांडो शामिल बताए गए हैं। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से देखा।
Watch, अयोध्या में राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पहुंची NSG टीम, करीब एक घंटे तक अधिकारियों से हुई चर्चा https://t.co/jbDRSw62xR pic.twitter.com/e4brWC2H5j
— Publicnews360.in (@publicnews360) September 26, 2026
जानकारी के मुताबिक, एनएसजी टीम ने राम जन्मभूमि परिसर के प्रवेश द्वार संख्या 11 से प्रवेश किया और करीब 70 एकड़ में फैले मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने के साथ आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के बाद एनएसजी अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पुलिस और अन्य अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक बैठक की। बैठक में मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, संभावित चुनौतियों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
राम मंदिर परिसर में एनएसजी की टीम के निरीक्षण को अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा और उसे मजबूत करने की तैयारियों के तौर पर देखा जा रहा है। केंद्र और राज्य स्तर पर रामनगरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।