सहारनपुर, जिले के जनकपुरी थाना क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) की एक महिला जूनियर इंजीनियर से कथित बदसलूकी और जबरन शराब पिलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला जेई की शिकायत पर पुलिस ने विभाग में तैनात जेई अनुज भारद्वाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक महिला ने आरोपी पर नशे की हालत में अभद्र व्यवहार करने, गाली-गलौज, धमकी देने और जबरन शराब पिलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 15 सितंबर को देहरादून चौक स्थित संघ भवन में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान हुई। यह कार्यक्रम इंजीनियर दिवस के अवसर पर डिप्लोमा इंजीनियर संघ की ओर से आयोजित किया गया था। महिला जेई ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान अनुज भारद्वाज नशे की हालत में उनके पास आए।
उनके मुताबिक आरोपी के हाथ में पानी की बोतल थी, जिसमें शराब मिली हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने उनकी गर्दन पकड़कर बोतल मुंह से लगाने और जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया।
महिला जेई ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी पहले भी उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज कर चुका है। उन्होंने घटना के बाद धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कही है। शिकायत में कार्यक्रम के दौरान मौजूद कुछ लोगों को कथित घटना का प्रत्यक्षदर्शी भी बताया गया है। पुलिस अब इन लोगों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
जनकपुरी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार चीमा के अनुसार, महिला जेई की ओर से 18 सितंबर को दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी सामने आई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जिसमें दो महिला सदस्य भी शामिल हैं। कमेटी से निर्धारित अवधि में अपनी रिपोर्ट देने को कहा गया है।