लखनऊ में रविवार को मेदांता अस्पताल के पास शहीद पथ पर गोरखपुर से गुजरात जा रही एक डबल डेकर बस में आग लग गई हालांकि वाहन में सवार सभी 30 यात्री सुरक्षित हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंत कुमार ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित मेदांता अस्पताल के पास शहीद पथ पर डबल डेकर बस में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
पुलिस ने बस चालक के हवाले से बताया कि चलते समय बस के एक टायर में आग लग गई थी, जिसके बाद आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुमार ने बताया कि बस में सवार सभी 30 यात्री सुरक्षित हैं हालांकि, आग में कुछ यात्रियों का सामान जलने की सूचना है।