उन्नाव जिले के पुरवा क्षेत्र में दो मंजिला मकान ढह जाने से एक ही परिवार के सात सदस्य मलबे में दब गए। हालांकि, प्रशासन और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार के अनुसार, घटना पुरवा कोतवाली क्षेत्र के धीरजीखेड़ा गांव की है। जहां बृहस्पतिवार अधी रात लगातार बारिश की वजह से एक मकान ढह गया और उसमें रह रहे एक ही परिवार के सात सदस्य मलबे में दब गए।
उन्होंने बताया कि मलबे में दबे लोगों में पांच महिलाएं, एक पुरुष और छह माह का एक बच्चा शामिल था।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव अभियान चलाया और सातों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के मुताबिक, बचाए गए लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पुरवा ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी खतरे से बाहर हैं, और विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
शासन ने घटना के बाद मकान गिरने के कारणों और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।









