अयोध्या, जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर हुई दुस्साहसिक फायरिंग की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदर्श सिंह और दीपेश तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मामले के चार आरोपी बस्ती जनपद के तथा एक आरोपी सिद्धार्थनगर का रहने वाला है।
घटना 25-26 अगस्त की मध्य रात्रि की है, जब बिना नंबर प्लेट की एक काली रंग की थार गाड़ी में सवार होकर पांच लोग लखनऊ से बस्ती की ओर जा रहे थे। रौनाही टोल प्लाजा पर पहुंचने के बाद थार चालक ने तेज रफ्तार में टोल बैरियर को टक्कर मारकर तोड़ दिया। बैरियर टूटने पर वहां तैनात टोलकर्मियों ने गाड़ी को रोककर उनसे टोल टैक्स का भुगतान करने को कहा।

टोल टैक्स मांगने पर गाड़ी में सवार आरोपी आपा खो बैठे और टोलकर्मियों से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों में से एक ने तमंचा निकालकर अंधाधुंध गोली चला दी।
इस गोलीबारी में टोल प्लाजा पर कार्यरत कर्मचारी सुफियान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सुफियान को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही रौनाही थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की काली थार गाड़ी को बरामद कर लिया। साथ ही दो मुख्य अभियुक्तों आदर्श सिंह और दीपेश तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा के नेतृत्व में रौनाही पुलिस टीम में उ0नि0 कमल सिंह, उ0नि0 अंकुर चौबे, ,का0 हेमन्त यादव, का0 भारत कुमार, का0 कुलदीप सिंह,का0 सुधांशु यादव शामिल रहे।
— AYODHYA POLICE (@ayodhya_police) August 28, 2026










