गोरखपुर जिले के खजनी इलाके में एक कंबल फैक्टरी में काम करने वाले 26 वर्षीय चौकीदार को अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस को संदेह है कि यह हमला डकैती के प्रयास से जुड़ा हो सकता है लेकिन वह सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात चौकीदार रोहन सिंह खजनी स्थित एक कंबल फैक्टरी से अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था, उसका घर शाहपुर थानाक्षेत्र में पादरी बाजार की मानस विहार कॉलोनी में है। उसके पिता बुद्ध भगवान सिंह द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के अनुसार, रोहन रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी मोटरसाइकिल से फैक्टरी से निकला था।
पुलिस ने बताया कि फैक्टरी से करीब पांच किलोमीटर दूर छताई पुल पार करने के बाद मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने कथित तौर पर उसका पीछा किया और पिस्तौल से गोली चला दी । पुलिस के मुताबिक गोली रोहन के सीने में लगी, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़ा।
राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया, जिसने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
खजनी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रााथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए फैक्टरी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्ष्रक दक्षिण दिनेश पुरी ने कहा कि पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है और हमले के पीछे के सभी संभावित उद्देश्यों की जांच कर रही है।










