नयी दिल्ली, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के कड़े रुख के बाद एमवे इंडिया, इमामी, बॉन बिस्किट्स समेत छह प्रमुख खाद्य कंपनियों ने अपने उत्पादों की पैकेजिंग, लेबल और विज्ञापनों से ‘100 प्रतिशत’ (100%) लिखे भ्रामक दावों को हटा लिया है।
एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि खाद्य कारोबार परिचालकों (FBOs) को अपने प्रचार सामग्री, पैकेजिंग और लेबल से ‘100%’ शब्द का इस्तेमाल तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए थे। नियामक के इस हस्तक्षेप के बाद कंपनियों ने स्वेच्छा से सुधार के कदम उठाए हैं:
एमवे इंडिया एंटरप्राइजेज: अपने उत्पाद पर किए जा रहे ‘100% शुद्ध नारियल तेल’ के दावे को पैकेजिंग व प्रचार सामग्री से हटा दिया है और पुराने स्टॉक की बिक्री भी रोक दी है।
इमामी लिमिटेड व एपिस इंडिया: झंडू शहद और एपिस इंडिया ने अपने शहद उत्पादों से ‘100%’ शुद्धता वाले दावे हटा लिए हैं।
बॉन बिस्किट्स प्राइवेट लिमिटेड: ‘बॉन क्यूमिन फ्लेवर जीरा बाइट बिस्किट्स’ के विज्ञापन से ‘100%’ का दावा वेबसाइट से हटा दिया गया है।
अन्य कंपनियां: केरल की ‘जुजा फूड्स’ ने अपने बेबी फूड उत्पादों से और ‘मास्टरचॉव फूड्स’ ने अपने ‘रैमेन नूडल्स’ से ऐसे दावों को वापस ले लिया है।
एफएसएसएआई लगातार भ्रामक विज्ञापनों और दावों पर नजर बनाए हुए है। इससे पहले डाबर इंडिया और फर्न्स एन पेटल्स जैसी कंपनियों ने भी नियामक के नोटिस के बाद अपनी पैकेजिंग और विज्ञापनों में सुधार किया था।










