लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को ई20 पेट्रोल को लेकर केंद्र पर हमला किया।
यादव ने मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन की एक कथित टिप्पणी का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने गाडियों पर ई20 पेट्रोल के असर पर चिंता जताते हुए ई10 पेट्रोल के विकल्प का समर्थन किया था।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में नागेश्वरन की कथित टिप्पणियों का जिक्र करते हुए एक तस्वीर साझा की और इस ईंधन को लेकर सरकार के रुख पर सवाल उठाया।
उन्होंने पोस्ट में कहा, कौन है सही : सरकार या सलाहकार?
यादव ने कहा, ”ई20 से खराब हुई गाड़ियों को खींचकर ले जाने वाले बाइक-कारवाले पूछ रहे हैं। एक तरफ तो सरकार कह रही है कि ई20 में सब ठीक है; दूसरी तरफ़ सलाहकार कह रहे हैं कि ई20 गाड़ियों के लिए नुक़सानदेह है। तो यह स्पष्ट कौन करेगा सही क्या है।
उन्होंने कहा कि बात-बात में सर्वे कराने वाली भाजपा सरकार ई20 के परिणाम भुगत रही आम जनता से सीधे संवाद करके क्यों नहीं पूछ लेती कि सच क्या है। यादव ने पोस्ट में आगे कहा, ”ई20 दुधारी तलवार है, जिसकी जनता पर दोहरी मार है। महंगा पेट्रोल भी और महंगी मेनटेनेंस भी।










