अयोध्या, तारुन थाना क्षेत्र के ग्राम चितांवा में ट्यूबवेल पर सो रही एक वृद्ध महिला से नकदी और जेवरात लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की रकम, चांदी की पायल, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और एक झटका मशीन बरामद की है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 7/8 अगस्त की रात ग्राम चितांवा स्थित ट्यूबवेल पर वृद्ध महिला सो रही थी। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाते हुए करीब 10 हजार रुपये नकद तथा शरीर पर पहने जेवरात लूट लिए। आरोपियों ने महिला के पैर से चांदी की पायल के अलावा नाक, कान और गले में पहने सोने के जेवर भी छीन लिए थे।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने डगराभारी मोड़ के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सफीक, निवासी गोसाईगंज, अयोध्या और संजय वर्मा, निवासी अहिरौली, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक झटका मशीन, चांदी की एक जोड़ी पायल और लूट की रकम में से 5 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में शामिल रामू उर्फ शिवराम कुमार, निवासी ग्राम चितांवा अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।










