अयोध्या पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना मवई पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 839 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, एक कार, दो मोबाइल फोन और नकद रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. हफीजुर रहमान और सोहेल खान, दोनों निवासी गोरखपुर के रूप में हुई है। दोनों को 7 अगस्त 2026 की सुबह करीब 3:35 बजे विशेष जांच अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से हरियाणा निर्मित रॉयल ग्रीन क्लासिक ब्लेंडेड व्हिस्की की कुल 839 बोतलें बरामद हुईं। इनमें 224 बोतल (750 एमएल) और 615 बोतल (375 एमएल) शामिल हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार (BR06BY0945) को भी जब्त कर लिया है। इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब की कीमत और उसके गंतव्य के बारे में जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इस अवैध शराब की खेप कहां से लाए थे और इसे किस स्थान पर पहुंचाने की योजना थी।
इस मामले में थाना मवई में मु.अ.सं. 87/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।









