शाहजहांपुर जिले में दसवीं कक्षा की छात्रा का नहाते समय वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करके यौन शोषण करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि तिलहर थानाक्षेत्र के एक गांव में रहने वाली छात्रा अपने घर में बने कच्चे स्नानगृह में स्नान कर रही थी, तभी गांव में रहने वाला अजय सिंह उसके घर आया और स्नान करते समय वीडियो बना लिया। दीक्षित ने कहा कि आरोपी का पीड़िता के घर पर आना-जाना था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया तथा उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। दीक्षित ने कहा कि इसकी वजह से पीड़िता परेशान हो गई और 27 जुलाई को उसने घर में दुपट्टे से फंदा लगा लिया।
उन्होंने कहा कि इस बीच पीड़िता की मां घर पर आ गई और उनकी चीख-पुकार सुनकर आए लोगों ने लड़की को नीचे उतार लिया।
दीक्षित ने बताया कि परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से उसे बरेली भेज दिया गया। इसके बाद परिजन ने बुधवार को पुलिस को जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी अजय सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।









