अयोध्या, विकास खण्ड रूदौली के कंपोजिट विद्यालय करीमपुर कांड मामले में एक शिक्षक के खिलाफ छात्राओं को भड़का कर साजिश रचने वाली इसी विद्यालय की एक शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया।
मालूम हो कि कम्पोजिट विद्यालय करीमपुर में विज्ञान विषय के ही दो शिक्षक तैनात हैं, इसमें शिक्षिका कोमल सीनियर है, जबकि सहायक अध्यापक श्री प्रकाश पाठक जूनियर हैं। इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी।
कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित शिक्षिका को दोषी पाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
नई विभागीय व्यवस्था के अनुसार कोमल को उस विद्यालय से अब हटाया जाना है। जबकि वह हटना नहीं चाहती। ऐसे में ही उसने कुछ छात्राओं को भड़का कर पाठक के खिलाफ अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगवा दिया था।
जांच कमेटी ने पाया कि पूरे मामले में पाठक का कहीं दोष नहीं है, बल्कि एक साजिश रच करके शिक्षिका ने ही यह पूरा कांड कराया था।










