अयोध्या, ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर चोरी, लूट व झपटमारी जैसी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी अयोध्या कैंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक रेलवे (लखनऊ) रोहित मिश्रा के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अमित कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अनिल प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने झपटमारी के मुकदमे में वांछित तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना जीआरपी अयोध्या कैंट पर दर्ज मुकदमा संख्या 24/2026, धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सोमवार सुबह रेलवे स्टेशन अयोध्या कैंट के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पूर्वी छोर पर स्थित पानी की टंकी के पास से तीनों अभियुक्तों को दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज यादव (21 वर्ष), अनुपम पाल (22 वर्ष) और शिवांश पाठक उर्फ गोलू (19 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से झपटमारी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। कड़ाई से पूछताछ के बाद जीआरपी ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें जिला कारागार अयोध्या भेज दिया गया।










