अयोध्या, 74वें प्रभु झूलेलाल महोत्सव को भव्य, सुंदर और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सिंधु सेवा समिति (रजि.) के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शोभायात्रा के मार्गों, सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था और विसर्जन स्थल की सुविधाओं को सुगम बनाना रहा।
बैठक के दौरान संस्था अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अमृत राजपाल ने कहा कि प्रभु झूलेलाल महोत्सव को सफल बनाने में नगर निगम का हर वर्ष सराहनीय सहयोग मिलता रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी शोभायात्रा मार्ग की सड़कों की मरम्मत, चौक की सजावट, बेहतर सफाई व्यवस्था और विसर्जन स्थल पर मिट्टी की पटाई कराकर उसे व्यवस्थित करने की मांग की गई है।
संस्था के मंत्री पुरुषोत्तम दासवानी ने जानकारी दी कि महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए नगर निगम के अधिकारी जल्द ही रामनगर सहित संपूर्ण शोभायात्रा रूट का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को पत्र दिया जा चुका है और जल्द ही पुलिस अधीक्षक नगर के साथ भी एक महत्वपूर्ण बैठक की जाएगी।
सिंधु सेवा समिति के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने आश्वस्त किया कि इस वर्ष 74वें प्रभु झूलेलाल महोत्सव को पहले से भी अधिक भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो सकें।
इस दौरान सिंधु सेवा समिति के प्रतिनिधिमंडल में संस्था अध्यक्ष अमृत राजपाल, महामंत्री नरेंद्र क्षेत्रपाल, उपाध्यक्ष जय प्रकाश क्षेत्रपाल, मंध्यान और मंत्री पुरुषोत्तम दासवानी सहित कई अन्य सम्मानित पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।










