अयोध्या, जिले में रुदौली तहसील क्षेत्र अंतर्गत तराई गांव पसैया के पास सरयू नदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां भैंस नहलाने गए नाना और नाती नदी के गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी होते ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रुदौली विनोद गुप्ता, क्षेत्राधिकारी (सीओ) रुदौली अरविंद सोनकर, तहसीलदार विजय गुप्ता, कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक प्रदीप यादव और शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
प्रशासन ने एसडीआरएफ (SDRF) टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे दोनों लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली रुदौली अंतर्गत शुजागंज पुलिस चौकी क्षेत्र के संडरी पसैया निवासी जगराम कोरी अपने नाती शिवा कोरी (पुत्र भाईलाल, निवासी ईदगाहन रुदौली) के साथ पसैया गांव के पास सरयू नदी के किनारे भैंस को नहलाने गए थे। इसी दौरान अचानक नाती शिवा नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। नाती को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में नाना जगराम कोरी भी सरयू नदी के गहरे पानी में उतर गए, जिसके चलते दोनों ही नदी के तेज बहाव और गहराई में समा गए।
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में हेड कांस्टेबल इंद्रेश यादव, कांस्टेबल शरद शर्मा और राजेंद्र सिंह सहित पुलिस की टीम, एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से दोनों के शवों को बरामद करने के लिए नदी में गहन खोजबीन चला रही है।
समाचार लिखे जाने तक नदी में डूबे नाना और नाती का कोई सुराग नहीं मिल सका था। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम सरयू नदी के बहाव क्षेत्र में लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।