मेरठ जिले के हस्तिनापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 32 वर्षीय निजी स्कूल संचालक अतुल सिंह (पंवार) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
शुरुआती जांच में मामला सांप के काटने का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच और परिजनों के आरोपों के बाद इस घटना में एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है।
मृतक अतुल सिंह भंडोरा गांव के रहने वाले थे और पिछले चार साल से अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर में ‘कृष्ण किड्स प्ले स्कूल’ चला रहे थे। शुक्रवार सुबह पुलिस को अतुल की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद हस्तिनापुर पुलिस, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) और सर्विलांस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से एक मृत सांप भी बरामद हुआ, जिसे जांच के लिए लैब भेजा गया है।
शुरुआत में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया था कि प्रथम दृष्टया मौत सांप के काटने से हुई लगती है, लेकिन पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक साक्ष्यों के बाद ही स्थिति साफ होगी। इसी बीच, मृतक के परिजनों ने अतुल की पत्नी दामिनी पर सांप से कटवाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया।
पुलिस की गहन जांच में यह बात सामने आई कि अतुल की मौत प्राकृतिक या महज एक हादसा नहीं थी, बल्कि उनकी पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार और सपेरों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। दामिनी का अपने ही स्कूल के ड्राइवर तुषार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
साजिश के तहत, ड्राइवर तुषार ने सोनू और उदय नाम के दो युवकों (सपेरों) की मदद से एक जहरीला सांप मंगाकर दामिनी को सौंपा। इसके बाद दामिनी ने पहले अपने पति अतुल को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गए।
पति के बेहोश होने के बाद दामिनी ने उनके बिस्तर में जहरीला सांप छोड़ दिया, जिसने अतुल को काट लिया और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और सांप उपलब्ध कराने वाले सपेरों को गिरफ्तार कर लिया है।









