अयोध्या, रुदौली कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य और उनकी टीम ने अभियान त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले का खुलासा किया। घटना में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को रुदौली थाना क्षेत्र के कूढ़ा सादात लिंक रोड के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। बाद में मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार वर्मा (48) निवासी पूरे ठोड़ी, थाना असन्द्रा, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की वर्ष 2023 में शुभांगिनी से शादी हुई थी। पुलिस का दावा है कि जमीन अपने नाम कराने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते शुभांगिनी ने अपने कथित प्रेमी विपिन वर्मा निवासी सराय पुरखू, थाना कोठी, जनपद बाराबंकी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को विपिन वर्मा मृतक को अयोध्या घुमाने के बहाने घर से लेकर निकला। रास्ते में सुनसान स्थान पर हथौड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को सड़क किनारे झाड़ियों में छिपा दिया गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर शुभांगिनी और विपिन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
शुभांगिनी (27), पत्नी देवेंद्र कुमार वर्मा, निवासी पूरे ठोड़ी, थाना असन्द्रा, जनपद बाराबंकी।
विपिन वर्मा (27), पुत्र जोगिंदर कुमार, निवासी सराय पुरखू, थाना कोठी, जनपद बाराबंकी।









