मुरादाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण) टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी प्रथम अधिकारी के पेशकार सुभाष कुमार को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशकार कार्यालय के भीतर ही रिश्वत की रकम ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उसे धर दबोचा।
पकड़े जाने के बाद आरोपी पेशकार ने पुलिस और एंटी करप्शन टीम से बचने के लिए वॉशरूम जाने और पेशाब का बहाना बनाकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, सतर्क टीम ने उसे तुरंत घेर लिया और भागने का मौका नहीं दिया। इस दौरान आरोपी और टीम के सदस्यों के बीच काफी धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद टीम ने आरोपी को पूरी तरह काबू में कर लिया।
एंटी करप्शन विभाग को चकबंदी विभाग में एक मामले के निस्तारण और आदेश के बदले रिश्वत मांगे जाने की लिखित शिकायत मिली थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने ₹50,000 की रकम पेशकार सुभाष कुमार को सौंपी, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। केमिकल परीक्षण में हाथ धुलवाते ही आरोपी की उंगलियां गुलाबी हो गईं, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन की टीम आरोपी को संबंधित थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी पेशकार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
उक्त प्रकरण में थाना सिविल लाइन पर सुंसगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है । अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है ।
— MORADABAD POLICE (@moradabadpolice) September 9, 2026