रूस ने शुक्रवार देर रात कीव पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जिसमें एक बच्चे सहित कम से कम 11 लोग घायल हो गए। यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा ने यह जानकारी दी।
वहीं दूसरी ओर, यूक्रेनी सेना ने आजोव सागर में रूस के जहाजों को निशाना बनाया। यूक्रेन के जनरल स्टाफ के मुताबिक, इस हमले में तेल और पेट्रोलियम उत्पाद ढोने वाले 21 रूसी टैंकर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा चार ‘टगबोट’, दो मालवाहक जहाज और गाद निकालने वाला एक जहाज भी हमले में क्षतिग्रस्त हुआ।
कीव ने दावा किया कि इन जहाजों का इस्तेमाल रूसी सेना, सैन्य रसद और आपूर्ति के लिए करती थी।
रूसी अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और केवल चार जहाज ही हमले का शिकार हुए।
गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के अनुसार, हमले में मारा गया व्यक्ति तकनीकी सहायता देने वाले जहाज का नाविक था। उन्होंने बताया कि जिन चार जहाजों पर हमला हुआ, उनमें मेथनॉल ले जा रहा एक टैंकर भी शामिल था।
हालांकि, इन जहाज़ों को केवल मामूली नुकसान पहुंचा है।
वहीं, यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने बताया कि रूस के हमले के बाद कीव के सोलोमियांस्की, दारनित्स्की और दनिप्रोव्स्की जिलों में कई जगह धमाके हुए, जिनसे आग लग गई।
सोलोमियांस्की जिले में मिसाइल हमले से तीन मंजिला एक कार्यालय और गोदाम में भीषण आग लग गई। वहीं, दनिप्रोव्स्की जिले में भी एक गोदाम पर हमला होने के बाद उसमें आग भड़क उठी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने रातभर अलग-अलग प्रकार की 12 मिसाइल दागीं, जिनमें छह बैलिस्टिक मिसाइल शामिल थीं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा रूस ने 121 ड्रोन से भी हमला किया गया।
जेलेंस्की ने कहा कि अधिकतर ड्रोन और कुछ मिसाइलों को मार गिराया गया लेकिन एक भी बैलिस्टिक मिसाइल को नहीं रोका जा सका। उन्होंने कहा कि इससे यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली की गंभीर कमी एक बार फिर सामने आई है।
यूक्रेन की वायु रक्षा सेना ने कहा कि उसने दो मिसाइलों और 111 ड्रोन को मार गिराया या निष्क्रिय कर दिया।
❗️The Moment of the 🇺🇦Ukrainian FP-1/FP-2 Kamikaze Drone Strike on a 🇷🇺Russian Seaport pic.twitter.com/QV18th8bKj
— 🪖MilitaryNewsUA🇺🇦 (@front_ukrainian) July 11, 2026










