लखीमपुर खीरी जिले में अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में 14 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
बयान के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने विभाग के भीतर अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बयान में बताया गया कि गहन विभागीय समीक्षा में पाया गया कि पुलिसकर्मी बिना किसी अनुमति के एक महीने या उससे अधिक समय से अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित थे, जिनमें हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और विभिन्न थानों, पुलिस लाइन और आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा में तैनात कर्मचारी शामिल हैं।
बयान के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निलंबित किए गए सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
अधिकारी ने बयान में बताया कि विभागीय अनुशासन बनाए रखना और जवाबदेही सुनिश्चित करना एक प्रभावी पुलिस बल के लिए एक अनिवार्य मापदंड है।

