अमेठी जिले में पुलिस और स्वाट टीम के साथ मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवणन टी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शनि पांडेय उर्फ सुभाष पांडेय संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मजरे बेलखरी का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि पांडेय लंबे समय से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त था तथा उसके खिलाफ संग्रामपुर सहित विभिन्न पुलिस थानों मे करीब 20 मामले दर्ज हैं।
सरवणन के मुताबिक, संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस और स्वाट टीम ने रविवार रात एक विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत बिशेषरगंज तिराहे पर आरोपी की घेराबंदी कर उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
सरवणन के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा 12 बोर कारतूस, चोरी की बैटरी, झटका मशीन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




