सरकार ने चार सप्ताह के लिए टीवी समाचारों की टीआरपी (Television Rating Points, TRPs) रोकने का निर्देश दिया है। संकट की स्थितियों के दौरान अटकलों और सनसनीखेज खबरों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने लोकसभा में ईटाला राजेंद्र द्वारा पूछे गए प्रश्नों के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
आपको बता दें, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, कुछ टीवी समाचार चैनलों को अनावश्यक सनसनीखेज और अटकलबाजी वाली सामग्री प्रसारित करते हुए पाया गया था। दरअसल, संघर्ष या संकट के समय में टीवी चैनलों द्वारा इस तरह का व्यवहार देखा गया है। इससे जनता में दहशत फैलने की भी संभावना होती है, विशेषकर प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले मित्रों और परिवार के सदस्यों को लेकर चिंता होती है।
अतः, एहतियाती उपाय के तौर पर सरकार ने 4 सप्ताह की अवधि के लिए टीवी समाचार चैनलों के टेलीविजन रेटिंग पॉइंट्स (टीआरपी) की रिपोर्टिंग रोकने का निर्देश दिया है। इन निर्देशों को सभी हितधारकों ने व्यापक रूप से स्वीकार कर लिया है और अब तक इसके विरुद्ध कोई आपत्ति प्राप्त नहीं हुई है।




