अयोध्या, रुदौली नगर के कोठी मोहल्ले में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नकाबपोश बदमाश ने फिल्मी अंदाज़ में ज्वेलरी की दुकान पर धावा बोलते हुए असलहा के बल पर लाखों रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे बाजार में दहशत फैल गई और व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे कोठी मोहल्ला स्थित महेश ज्वेलर्स की दुकान पर एक नकाबपोश बदमाश पहुंचा। उसने अचानक हथियार निकालकर दुकानदार को डराया-धमकाया और करीब 26 ग्राम सोने के हार व चेन लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पलक झपकते ही मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नकाबपोश बदमाश के हाव-भाव को देखकर कुछ लोग उसे महिला होने की आशंका जता रहे हैं।
घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदार मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
सूचना मिलते ही किला चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।




