अयोध्या, रूदौली कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर तकिया कट के पास शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रही एक बेगनार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान महेश पुत्र विंधा निवासी ग्राम चितईपुर (कोतवाली रूदौली) तथा गुड्डू पुत्र राम सेवक के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक मौके पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह अपने हमराही रजत कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेते हुए घायलों को तत्काल CHC रूदौली पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
रुदौली कोतवाली क्षेत्र के बिड़हार गांव में शुक्रवार की सुबह विद्युत करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम आशीष (65) पुत्र केदार निवासी बिड़हार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि राम आशीष सुबह शौच के लिए गए थे,तभी करंट की चपेट में आ गए।सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान व भाजपा नेत्री सुमन पासवान मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

