बलिया जिले में बैरिया तहसील के उप-जिलाधिकारी (SDM) आलोक प्रताप सिंह का अवकाश आवेदन इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, उन्होंने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में बताया है कि उनके पालतू कुत्ते ने दोनों हाथों में काट लिया है, जिसके कारण वह काम करने में असमर्थ हैं।
खास बात यह है कि आवेदन पत्र में हस्ताक्षर की जगह उन्होंने अंगूठे का निशान लगाया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को पत्र लिखकर आठ दिन के अवकाश की मांग की है। अपने आवेदन में उन्होंने लिखा है कि उनके पालतू कुत्ते ने दोनों हाथों में काट लिया, जिससे गहरे जख्म हो गए हैं।
स्थानीय डॉक्टर से उपचार कराने के बावजूद खून का रिसाव बंद नहीं हो रहा है और उन्हें असहनीय दर्द हो रहा है। उन्होंने पत्र में यह भी बताया कि हाथों में गंभीर चोट की वजह से वह दैनिक कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं। बेहतर इलाज के लिए किसी अच्छे अस्पताल में दिखाने की आवश्यकता है, इसलिए उन्होंने आठ दिनों की छुट्टी देने का अनुरोध किया है।
उधर, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि उप-जिलाधिकारी के दोनों हाथों में प्लास्टर लगा हुआ है, जिसके कारण वह लिखने में असमर्थ हैं। इसी वजह से उन्होंने आवेदन पत्र पर हस्ताक्षर की जगह अंगूठे का निशान लगाया है।
गौरतलब है कि आलोक प्रताप सिंह ने 2024 में बलिया जिले में उप-जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। उनका यह अवकाश आवेदन अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।





