अयोध्या एयरपोर्ट पर स्थापित लैंडिंग एवं नेविगेशनल सुविधाओं का निर्धारित अर्धवार्षिक (हर 6 माह) एयर कैलिब्रेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। यह कैलिब्रेशन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के विशेष विमान VT-CNS द्वारा किया गया।
इस प्रक्रिया के तहत Instrument Landing System (ILS) तथा Precision Approach Path Indicator (PAPI) सहित प्रमुख नेविगेशनल सहायक उपकरणों की सटीकता, एलाइनमेंट एवं कार्यक्षमता की विस्तृत जाँच की गई।
एयर कैलिब्रेशन के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाता है कि खराब मौसम अथवा कम दृश्यता की परिस्थितियों में भी विमान सुरक्षित एवं सटीक रूप से लैंड कर सकें।
यह एयर कैलिब्रेशन अयोध्या एयरपोर्ट के सीएनएस प्रभारी अनिल कुमार जी के नेतृत्व में संपन्न किया गया। संपूर्ण प्रक्रिया एयरपोर्ट अथॉरिटी के विशेषज्ञ अधिकारियों एवं तकनीकी टीम की उपस्थिति एवं निगरानी में अंतरराष्ट्रीय विमानन मानकों के अनुरूप पूर्ण की गई। सभी उपकरण निर्धारित मानकों पर सफलतापूर्वक खरे पाए गए।
विमानपत्तन निदेशक धीरेंद्र सिंह ने इस सफल एयर कैलिब्रेशन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार की नियमित तकनीकी जाँचें सुरक्षित एवं सुचारु विमान संचालन सुनिश्चित करती हैं।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यात्रियों की सुरक्षा, संचालन की विश्वसनीयता एवं उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।




